21 Jul 2026
कीव/नई दिल्ली (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो (MV Golden Leo) पर रविवार को हुए रूसी मिसाइल हमले में चार भारतीय नाविकों की मौत हो गई, जिनमें देवरिया (उप्र) का अभिषेक निषाद भी है। हमले में एक भारतीय नाविक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हमले में चालक दल के कुछ अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने घटना की पुष्टि करते हुए हमले की कड़ी निंदा की है।
गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले इस जहाज पर कुल 17 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें पांच भारतीय और कई सीरियाई नागरिक शामिल थे। जहाज यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से मक्का (कॉर्न) लेकर रवाना हुआ था। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, जहाज पर रूस की ओर से तीन क्रूज मिसाइलें दागी गईं, जिससे जहाज में आग लग गई और भारी नुकसान हुआ। हमले के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि कुछ घायल नाविकों का इलाज अस्पताल में जारी है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि नागरिक मालवाहक जहाजों को निशाना बनाना और निर्दोष नाविकों की जान जोखिम में डालना बेहद निंदनीय है। मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। भारत ने संबंधित पक्षों से अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है।