22 Jun 2026
लखनऊ, 22 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां अलीगंज इलाके में स्थित एक लाइब्रेरी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और चारों तरफ धुएं का गुबार देखा जा रहा है।
आग में फंसे कई बच्चे जान बचाने के लिए पहली मंजिल से कूद गए, जिससे वे घायल हो गए। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऊपर से कूदने पर एक बच्चे के पेट में लोहे की ग्रिल घुस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है। दमकल की 10 गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पता चला है कि इस इमारत के भूतल और फर्स्ट फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक था। सेकेंड फ्लोर पर लर्निंग स्पेस नामक लाइब्रेरी (कोचिंग) और हेड हॉपर स्टूडियो था। आलमबाग से मौके पर पहुंचे प्रभजोत सिंह ने बताया कि उनका बेटा यहां स्टूडियो में एनिमेशन आर्टिस्ट है। आज करीब सवा दो बजे उसने फोन करके बताया कि आग लग गई है, उसे बचाया जाए। प्रभजोत सिंह मौके पर पहुंच गए लेकिन समाचार लिखे जाने तक उन्हें उनका बेटा नहीं मिल पाया था। घटनास्थल पर डीएमऔर पुलिस कमिश्नर ने पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करवाया।
चूंकि यह एक लाइब्रेरी है, इसलिए हादसे के वक्त वहां कई छात्र और पाठक मौजूद हो सकते हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की पहली प्राथमिकता परिसर के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। इस हादसे में कितनी संपत्ति का नुकसान हुआ है या कोई हताहत हुआ है या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी प्रतीक्षित है। प्रशासन की ओर से विस्तृत बयान आते ही इस खबर को अपडेट किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं।
(यह शुरुआती समाचार है, जिसे आगे अपडेट किया जाएगा।)