21 Jun 2026
अहमदाबाद, 21 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित ने गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने योगाभ्यास किया और लोगों को नियमित रूप से योग अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारतीय संस्कृति और भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की जीवन पद्धति है। गृह मंत्री ने कहा कि भारत ने विश्व को अनेक अमूल्य विरासतें दी हैं, जिनमें योग सबसे महत्वपूर्ण उपहारों में से एक है। आज दुनिया के करोड़ों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं और इसके माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर बढ़ रहे हैं। इस वर्ष योग दिवस की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रखी गई है। इसी थीम के अनुरूप गुजरात में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी रही। राज्य सरकार के अनुसार गुजरात भर में योग दिवस को लेकर व्यापक आयोजन किए गए। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर जिले के मानसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जबकि अहमदाबाद में अमित शाह के साथ हर्ष संघवी और बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। सभी ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम कर स्वस्थ शरीर और शांत मन का संदेश दिया। योगाभ्यास के दौरान लोगों में उत्साह और ऊर्जा का विशेष वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर योग को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए नियमित योग करने का संदेश दिया गया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री, हर्ष सांघवी के अलावा अहमदाबाद के महापौर हितेश बरोट, डिप्टी मेयर अंजू शाह, देवांग दाणी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, युवा, विद्यार्थी और योग प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने बताया कि राज्यभर में हजारों स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए और करोड़ों लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास किया गया। योग दिवस के अवसर पर अमित शाह ने लोगों से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का सबसे प्रभावी माध्यम है।