22 Jul 2026
सीवान, 22 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)।जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती देते हुए सदर अस्पताल में चार बेड की अत्याधुनिक गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) एवं 24×7 आपातकालीन सेवा का शुभारंभ कर दिया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल के नए भवन से वर्चुअल माध्यम से राज्य के सभी 38 जिलों में 105 नए आईसीयू बेड, 70 वेंटिलेटर युक्त गहन चिकित्सा इकाइयों तथा 24×7 आपातकालीन सेवा का लोकार्पण किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद रहे।
वर्चुअल शुभारंभ के बाद सीवान सदर अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने अस्पताल की दूसरी मंजिल पर स्थापित चार बेड के आईसीयू का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने आईसीयू का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और इसे जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि सामान्य परिस्थितियों में मरीजों को जिला अस्पतालों से रेफर करने की प्रवृत्ति कम की जाए और जिला स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसी उद्देश्य से राज्यभर के जिला अस्पतालों में आईसीयू सुविधा विकसित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल सदर अस्पताल में चार आईसीयू बेड की व्यवस्था शुरू की गई है। आईसीयू को और सुदृढ़ बनाने तथा अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने के लिए राज्य स्वास्थ्य समिति को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। आने वाले समय में संसाधनों के विस्तार के साथ यहां गंभीर ट्रॉमा, दुर्घटना एवं अन्य गंभीर मरीजों का उपचार भी जिला स्तर पर ही संभव होगा।
डीएम ने विश्वास जताया कि नई सुविधा शुरू होने से गंभीर मरीजों को बेहतर एवं त्वरित उपचार मिलेगा, उच्च संस्थानों में अनावश्यक रेफरल कम होंगे और मरीजों के समय, धन तथा परेशानी—तीनों की बचत होगी।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद, सदर अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।