23 Jul 2026
नई दिल्ली, 24 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार (24 जुलाई) को सुबह 7:30 बजे से राजधानी के 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निर्देशों के मद्देनजर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी।
DMRC के अनुसार जिन स्टेशनों को बंद रखा जाएगा, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।
इससे पहले बुधवार और गुरुवार को भी प्रशासनिक और सुरक्षा कारणों से राजधानी के कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को बंद रखा गया था। शुक्रवार को भी यही व्यवस्था जारी रहने से लगातार तीसरे दिन यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मेट्रो सेवाओं की ताजा जानकारी अवश्य जांच लें और अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे बंद स्टेशनों के बजाय वैकल्पिक मेट्रो स्टेशन या अन्य परिवहन साधनों का उपयोग करें।