20 Jun 2026
प्रयागराज, 20 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के झलवा स्थित यूनाइटेड मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज के छात्रावास के कमरे में शनिवार को एक एमबीबीएस छात्रा का शव पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस कहना है कि मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जायेगा। पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई गांव एवं थाना क्षेत्र निवासी अनुराग मिश्रा की बेटी 22 वर्षीय सृष्टि मिश्रा यूनाइटेड मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस चतुर्थ ईयर की छात्रा थी। शनिवार को कालेज के छात्रावास के कमरे में मृत पाई गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसकी तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर उसे इलाज के लिए ले जाया गया,लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं से घटना की जांच कर रही है। छात्रा की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मौत किन परिस्थितियों में हुई,इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मृतका का भाई भी डॉक्टर है और वर्तमान में दूसरे जनपद में तैनात बताया जा रहा है। घटना के बाद यूनाइटेड मेडिसिटी परिसर में शोक का माहौल है। सहपाठी और अन्य छात्र और छात्रा सृष्टि की मौत से स्तब्ध हैं। पुलिस और कॉलेज प्रशासन मामले से जुड़ी सभी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रहे हैं।