12 Jul 2026
भोपाल, 12 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद आशुतोष तिवारी रविवार को पीतांबरा पीठ पहुंचे, जहां उन्होंने मां पीतांबरा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
पीतांबरा पीठ परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आशुतोष तिवारी का स्वागत किया। उनके साथ सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल और संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
पीतांबरा पीठ में दर्शन के बाद आशुतोष तिवारी ने कहा कि माई ने सेवा के लिए बुलाया है। पार्टी ने कहा है जाओ, सेवा करो। उन्होंने कहा कि पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने क्षेत्र के विकास के लिए जो काम किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा। वे डॉ. मिश्रा के मार्गदर्शन में वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में काम करेंगे।
तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं युवाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने और पार्टी का समर्थन करने की अपील की।
पीतांबरा पीठ में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थक माने जाने वाले कुछ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। राजनीतिक गलियारों में इसे भाजपा की एकजुटता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस पर किसी नेता की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।
उल्लेखनीय है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में मुकाबला रोचक हो गया है। भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश भी नजर आया है। चंबल अंचल के इतिहास में पहली बार भाजपा कार्यकर्ताओं ने किसी उम्मीदवार का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।
कांग्रेस ने यहां से कद्दावर नेता घनश्याम सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। इसके अलावा दतिया से आजाद समाज पार्टी ने भी दामोदर यादव को मैदान में उतार दिया है।