24 Jul 2026
नई दिल्ली, 24 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)।सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधार के पैरोकार सोनम वांगचुक ने अपना 26 दिनों से जारी अनशन समाप्त कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह तथा लेह की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने अपना अनशन तोड़ा।
सोनम वांगचुक ने कहा कि अनशन समाप्त करने का फैसला विभिन्न मुद्दों पर लंबी बातचीत के बाद और देश में संभावित हिंसा की आशंका को ध्यान में रखते हुए लिया गया। उन्होंने बताया कि अलग-अलग राजनीतिक दलों के करीब 65 सांसदों ने उनसे मुलाकात की या पत्र लिखकर अनशन समाप्त करने की अपील की थी।
वांगचुक ने कहा कि बातचीत के दौरान जिन शर्तों पर सहमति बनी है, उनका विस्तृत विवरण वह जल्द ही एक अलग वीडियो संदेश में साझा करेंगे। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा से बचें और शांति बनाए रखें।
इससे पहले सोनम वांगचुक ने कहा था कि यदि आंदोलन में शामिल युवाओं के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का स्पष्ट आश्वासन दिया जाता है, तो वह अपना अनशन समाप्त करने को तैयार हैं।
उधर, अनशन ख़त्म करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'एक्स' पर लिखा, "मैं सोनम जी से आग्रह करता हूं कि वो डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अपनी दिनचर्या रखें और जल्द से जल्द अपना पुराना वज़न फिर से प्राप्त करें। मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूँ कि सोनम जी स्वस्थ रहें।"