29 Jul 2026
नई दिल्ली, 29 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। एनिमेटेड फिल्म महाप्रभु जगन्नाथ की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। जस्टिस बीवी नागरत्ना की अध्यक्षता वाली बेंच ने फिल्म की रिलीज रोकने वाली याचिका खारिज करने का आदेश दिया।
याचिका मंदिर ट्रस्ट और एक श्रद्धालु ने दायर की थी। याचिका में उच्चतम न्यायालय के 17 जुलाई के उस आदेश में संशोधन की मांग की गई थी, जिसमें उच्चतम न्यायालय ने भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पुरी में 28 जुलाई को खत्म होने के बाद इस फिल्म की रिलीज की अनुमति दी थी। उच्चतम न्यायालय ने याचिकाकर्ता की उस दलील को खारिज कर दिया कि भगवान जगन्नाथ को कार्टून फिल्म के जरिये दर्शाना अपमानजनक है और इससे लोगों की संवेदनशीलता प्रभावित होती है। कोर्ट ने कहा कि अगर लोगों की इस फिल्म से संवेदनशीलता प्रभावित होती है, तो रामायण और महाभारत को लेकर कोई आर्ट फिल्म नहीं बनी होतीं।
सुनवाई के दौरान उच्चतम न्यायालय ने कहा कि आर्ट और क्रिएटिविटी के खिलाफ केवल इस आधार पर लोग याचिका दायर कर रहे हैं कि वे उनकी संवेदनशीलता को प्रभावित कर रहे हैं। कोर्ट ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस तरह की याचिकाएं दायर होनी जारी रहीं, तो कोर्ट को कड़े आदेश पारित करने पड़ सकते हैं।