04 Aug 2026
कोलकाता, 04 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। भवानीपुर विधानसभा चुनाव परिणाम को चुनौती देने वाली याचिका पर मंगलवार को कलकत्ता हाई कोर्ट में सुनवाई टल गई। मामले से जुड़े आवश्यक दस्तावेज समय पर संबंधित पक्षों को उपलब्ध नहीं कराए जाने पर अदालत ने नाराजगी जताई और हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल से रिपोर्ट तलब की है।
न्यायमूर्ति गौरांग कांत की एकल पीठ में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता एवं पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अधिवक्ता कल्याण बनर्जी ने कहा कि जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण मामले की सुनवाई आगे नहीं बढ़ाई जा सकती।
वहीं, भवानीपुर से निर्वाचित विधायक शुभेंदु अधिकारी की ओर से अधिवक्ता जयदीप कर ने लिखित जवाब दाखिल करने के लिए चार सप्ताह का समय मांगा। इसका विरोध करते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनाव याचिकाओं के निस्तारण में वर्षों लग जाना मानो एक अलिखित परंपरा बन गई है।
सुनवाई के दौरान शुभेंदु अधिकारी की ओर से अदालत को बताया गया कि न्यायालय के पूर्व आदेश के अनुरूप संबंधित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) तथा मामले से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखे गए हैं। इसलिए मामले में देरी का कोई उचित कारण नहीं है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति गौरांग कांत ने निर्देश दिया कि अगले चार सप्ताह के भीतर मामले से जुड़े सभी पक्ष अपने-अपने पास उपलब्ध आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियां एक-दूसरे को सौंपें। इसके अनुपालन का शपथपत्र भी अदालत में दाखिल करना होगा। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद निर्धारित की है।