18 Jul 2026
गाजियाबाद, 18 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र स्थित शहीद विजय सिंह पथिक सरस्वती विद्या मंदिर, कुटी, भोपुरा, साहिबाबाद में शनिवार को वन महोत्सव का आयोजन माया नारायण मेमोरियल ट्रस्ट, दिल्ली एवं विद्यालय प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद ओमपाल भाटी, दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन डॉ. धनंजय कुमार, वरिष्ठ समाजसेवी श्रीनिवास गौतम, धर्मेंद्र गौतम, रजनी मित्तल, रेखा तथा कोमल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माया नारायण मेमोरियल ट्रस्ट, दिल्ली की ओर से विद्यालय की सभी छात्राओं को स्कूल बैग एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। छात्राओं ने इस पहल का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन डॉ. धनंजय कुमार ने वन महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अपने घरों और विद्यालय परिसर में नियमित रूप से पौधारोपण करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
स्थानीय पार्षद ओमपाल भाटी ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। यदि लगाए गए पौधों की सही तरीके से देखभाल की जाए तो वे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी अमूल्य धरोहर बनेंगे।
माया नारायण मेमोरियल ट्रस्ट, दिल्ली के प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि ट्रस्ट शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यालय की छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी कोमल ने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण की थीम पर हरित (ग्रीन) सैंडविच बनाना भी सिखाया, जिससे बच्चों ने स्वस्थ आहार और हरित जीवनशैली के महत्व को व्यवहारिक रूप से समझा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण और सेवा भाव विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।