20 Jun 2026
मऊ, 20 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पिढवल मोड़ के पास सड़क हादसे में एक महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला के शव को नेशनल हाईवे पर रखकर घंटों जाम लगाया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम, सीओ, कोतवाल समेत भारी पुलिस बल और पीएसी को मौके पर तैनात किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिढवल मोड़ के पास लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और पिछले कुछ महीनों में कई लोगों की जान जा चुकी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अंडरपास न होने के कारण सड़क पार करने के दौरान दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। इसी मांग को लेकर ग्रामीण अंडरपास निर्माण की मांग पर अड़े हुए हैं। खबर लिखे जाने तक कई घंटों से चल रहे हंगामे और जाम के कारण हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित है। प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और जाम समाप्त कराने के प्रयास में जुटे है। बढ़ते बवाल पर पुलिस कप्तान भी पहुंच गए है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।