23 Jul 2026
नई दिल्ली, 23 जुलाई (एजेंसी)। सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने सभी से शुक्रवार को देश के हर जिले में एक दिन के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया। इसका मुख्य उद्देश्य "हर जिला, एक दिन, एक मांग" के संदेश के तहत पूरे देश में एकजुटता प्रदर्शित करना है।
सीजेपी के मुताबिक, यह प्रदर्शन देशभर में कथित पुलिस बर्बरता के शिकार पीड़ितों के समर्थन में होगा। आयोजकों ने देश के विभिन्न छात्र संघों और अन्य सामाजिक संगठनों से इस प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए मिलकर काम करने, आवश्यक अनुमतियां लेने और लॉजिस्टिक्स जुटाने की अपील की है।
इस दौरान, विरोध स्थल पर एकत्र भीड़ के सामने छात्रों की मांगों को प्रमुखता से पढ़ा जाएगा। पुलिस कार्रवाई और बर्बरता का सामना करने वाले लोगों के प्रति समर्थन और एकजुटता जताई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि छात्र आंदोलन का नेतृत्व कर रही सीजेपी ने 'संसद चलो' मार्च की घोषणा की थी जिसके बाद 20 जुलाई को हजारों की संख्या में एकजुट हुए छात्रों ने अपना विरोध प्रदर्शन जताया था। वे शिक्षा प्रणाली में अनियमितताओं और पेपर लीक मामले को लेकर केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उस दौरान से राजधानी में हालात अनियंत्रित हैं। इस बीच पुलिस और छात्रों के बीच हिंसक झड़पें भी हुई हैं।