30 Jul 2026
पश्चिम बर्दवान, 30 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता श्रीलेखा मित्रा के खिलाफ हीरापुर थाने में गुरूवार दोपहर एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 24 जुलाई 2026 को कोलकाता में आयोजित एक सार्वजनिक रैली के दौरान उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आपत्तिजनक, अश्लील और अपमानजनक पोस्टर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया।
शिकायतकर्ता गौरव बनर्जी का दावा है कि श्रीलेखा मित्रा ने रैली के दौरान उक्त पोस्टर हाथ में लेकर कैमरे के सामने प्रदर्शन किया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुए हैं। शिकायत में कहा गया है कि यह कृत्य जानबूझकर किया गया और इससे प्रधानमंत्री के पद की गरिमा को ठेस पहुंची है।
शिकायत में पुलिस से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
उल्लेखनीय है कि नीट पेपर लीक के खिलाफ पिछले सप्ताह कोलकाता में हुए प्रदर्शन के दौरान श्रीलेखा मित्र पर प्रधानमंत्री के आपत्तिजनक पोस्टर लहराने के आरोप हैं। इससे पहले कोलकाता में भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी।