22 Jul 2026
सीवान, 22 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। सीवान जंक्शन पर बुधवार की सुबह ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर स्टेशन अधीक्षक कार्यालय के समीप बने चबूतरे पर बैठे यात्री अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल एंबुलेंस बुलवाई और यात्री को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल यात्री मोहम्मद मुक्कदर पुत्र- मोहम्मद जहांगीर, निवासी ग्राम जरूआ, जिला वैशाली है।
होश में आने के बाद मोहम्मद मुक्कदर ने बताया कि वह वाराणसी में मार्बल एवं टाइल्स लगाने का काम करता है। बुधवार की सुबह वह एक ट्रक से सीवान पहुंचा था और हाजीपुर जाने के लिए टिकट लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर बैठे-बैठे अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। उसने बताया कि उसे यह याद नहीं है कि वह कैसे गिर गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन सीवान के लिए रवाना हो गए हैं।आरपीएफ की इस तत्परता की यात्रियों ने सराहना की। समय पर प्राथमिक सहायता मिलने से घायल यात्री को तत्काल इलाज उपलब्ध हो सका।