15 Jul 2026
उदयपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में एक युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। शराबबंदी का उल्लंघन करने पर समाज के पंचों ने युवक पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और उसे कथित रूप से बरगद के पेड़ से रस्सी के सहारे उल्टा लटकाकर पीटा। घटना 12 मई 2026 की बताई जा रही है, जबकि मंगलवार (14 जुलाई) को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी के अनुसार कमोल गांव में समाज स्तर पर शराबबंदी लागू की गई थी। आरोप है कि युवक चूनाराम गमेती ने 11 मई को शराब का सेवन किया और नशे की हालत में घर पहुंचा। पिता के टोकने पर उसने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा मारपीट करने के भी आरोप लगाए गए हैं। इसके बाद 12 मई को समाज के कुछ लोगों (पंचों) ने भील बस्ती में बैठक आयोजित की। बैठक में शराबबंदी का नियम तोड़ने के आरोप में युवक पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। आरोप है कि इसके बाद उसका एक पैर रस्सी से बांधकर पेड़ पर उल्टा लटकाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो मंगलवार को सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 11 लोगों को डिटेन किया है तथा उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है