28 Jun 2026
नई दिल्ली, 28 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल, दिलशाद गार्डन में अखिल भारतीय संकल्प सामाजिक सेवा संस्था एवं माया नारायण मेमोरियल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. राकेश शर्मा की चतुर्थ पुण्यतिथि के अवसर पर विराट युवा सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर आदि योगी पुरी जी महाराज (निरंजनी अखाड़ा) ने की। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस के एसीपी अक्षय कुमार, आरोग्य भारती यमुना विहार विभाग के संयोजक डॉ. पवन शर्मा, अर्थशास्त्री एवं प्रोफेसर डॉ. दलीप कुमार सिंह, अखिल भारतीय संकल्प सामाजिक सेवा संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय डॉ. राकेश शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। संस्था के राष्ट्रीय महामंत्री शक्ति सिंह ने अपने संबोधन में डॉ. राकेश शर्मा के जीवन, उनकी सादगी, सामाजिक समर्पण तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय डॉ. राकेश शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रचारक तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, दिल्ली प्रांत के संगठन मंत्री रह चुके थे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल, महामंडलेश्वर कृष्ण भारद्वाज तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, दिल्ली प्रांत के संगठन मंत्री विपिन उनियाल ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने युवाओं से समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने और सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का संदेश दिया।
समारोह के दौरान मलिन बस्तियों से आए 100 से अधिक बच्चों को स्कूल बैग, स्टेशनरी एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल की उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।
कार्यक्रम के आयोजक डॉ. धनंजय कुमार ने बताया कि संस्था भविष्य में भी समाजहित एवं युवा जागरण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करती रहेगी।
आरोग्य भारती यमुना विहार विभाग के संयोजक डॉ. पवन शर्मा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और सभी नागरिकों को इसमें अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।