29 Jul 2026
नोएडा, 29 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के गोंडा थाना क्षेत्र से वांछित एक बदमाश को पकड़ने के लिए ग्रेटर नोएडा पहुंची अलीगढ़ पुलिस को देखकर बदमाश भाग निकला। बदमाश ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी में घुस गया। पुलिस के शोर मचाने पर सुरक्षाकर्मियों ने बदमाश को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस बदमाश को गिरफ्तार कर अलीगढ़ ले गई।
पुलिस आयुक्त मीडिया प्रभारी ने बताया कि अलीगढ़ के गोंडा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के खिलाफ मारपीट और छिनैती का मुकदमा दर्ज है। इस मुकदमें में वह वांछित चल रहा था। अलीगढ़ पुलिस को पता चला था कि बदमाश ग्रेटर नोएडा में छिपकर रह रहा है।
वह यहां डिलीवरी का काम कर रहा था। अलीगढ़ पुलिस की टीम मंगलवार की रात को ग्रेटर नोएडा पहुंची और मुकदमा में वांछित डिलीवरी ब्वॉय को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस टीम को देखकर आरोपित पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी में घुस गया। पुलिस ने शोर मचाया तो सुरक्षाकर्मियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपित को लेकर अलीगढ़ रवाना हो गई। सोसाइटी में सुरक्षाकर्मियों द्वारा बदमाश को घेरकर पकड़ने का वीडियो आज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।