20 Jun 2026
सुलतानपुर, 20 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के अमेठी में दर्ज हुए आचार संहिता उल्लंघन और चुनावी नियमों की अवहेलना के मामलों में एमपी-एमएलए कोर्ट में शनिवार को सुनवाई हुई। समंस तामीला की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 22 जून की तारीख तय की है। वरिष्ठ अधिवक्ता रुद्र प्रताप सिंह 'मदन' ने शनिवार को बताया कि न्यायालय में कुमार विश्वास से जुड़े दो मुकदमों पर विचार होना था। पहले मुकदमे में कुमार विश्वास, सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती आरोपी हैं। आज इस मामले में सुनवाई के लिए तारीख 20 जून नियत थी, लेकिन आरोपी सत्येंद्र जैन को छोड़कर अन्य आरोपियों को समंस तामीला नोटिस डिलीवर नहीं हो सका। समंस तामीला की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 22 जून की तारीख तय की है। इसके साथ ही कुमार विश्वास से जुड़े एक अन्य मुकदमे में, जिसमें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी अभियुक्त हैं, उच्च न्यायालयउच्चतम न्यायालय से प्रोसीडिंग पर स्टे लगा हुआ है। इस स्टे वाले मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 24 जुलाई की तिथि निश्चित की है।