28 Jun 2026
गुवाहाटी, 28 जून (एजेंसी)। गुप्त सूचना के आधार पर वेस्ट गुवाहाटी पुलिस जिला (डब्ल्यूजीपीडी) के अंतर्गत जालुकबाड़ी थाना पुलिस की एक टीम ने बीती रात आदाबाड़ी स्थित होटल अविसारिका में छापेमारी कर अंतरराज्यीय डकैत गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। अभियान के दौरान गिरोह के छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी सोनू और कुलदीप, भिवानी निवासी कृष्णा राणा, प्रवीण कुमार और सत्यवान तथा हिसार निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों में संभावित संलिप्तता और इसके नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।