20 Jun 2026
परभणी, 20 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। महाराष्ट्र के परभणी (Parbhani, Maharashtra) जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां के मानवत तालुका के यशवाड़ी गांव में स्थित प्रसिद्ध त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक सभा मंडप का पिलर और छत (स्लैब) का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर गिर गया। इस भीषण हादसे में अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत होने की खबर है, जबकि 30 से अधिक लोग मलबे में दबने के कारण घायल हुए हैं।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार का दिन होने के कारण मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ था। हादसे के वक्त मंदिर परिसर में कीर्तन और महाप्रसाद (भंडारे) का आयोजन चल रहा था, जिसके चलते बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे वहां मौजूद थे। दोपहर करीब 3:00 बजे जैसे ही निर्माणाधीन सभा मंडप की छत अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई, पूरे परिसर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, स्थानीय आपदा प्रबंधन की टीमें और स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाने और दबे हुए लोगों को बाहर निकालने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया गया।
समाचार लिखे जाने तक मलबे से 25 से 30 लोगों को सुरक्षित या घायल अवस्था में बाहर निकाला जा चुका है। सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों और परभणी के जिला शासकीय अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
चश्मदीदों ने बताया, "हम लोग भजन-कीर्तन में मग्न थे कि अचानक एक जोरदार आवाज हुई और देखते ही देखते कंक्रीट का भारी-भरकम स्लैब नीचे बैठे लोगों पर आ गिरा। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।"
इस भीषण हादसे के बाद मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप लग रहे हैं कि बिना पुख्ता सुरक्षा इंतजामों और बिना सही सपोर्ट के ही इस भारी स्लैब का काम किया जा रहा था। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।