14 Jul 2026
नोएडा, 14 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में गाैतमबुद्धनगर जिले के नाेएडा में अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो युवकों समेत छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजा। ये सारी घटनाएं सोमवार देर की देर रात की हैं।
पहली घटना थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 44 के पास बीती रात को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक की मौत हो गई। इनकी पहचान सलारपुर निवासी सचिन (18) और स्वरूपा गेट सलारपुर निवासी अमन कुमार (19) के रूप में हुई है। कुछ लोगों का कहना है कि युवाओं की अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिसकी वजह से घटना हुई, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के जीआईपी मॉल के पास हुए सड़क हादसे में दिल्ली निवासी आशीष गुप्ता (44) घायल हो गए। उपचार के दाैरान उनकी मौत हो गई। उप निरीक्षक विनीत कुमार ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना दनकौर क्षेत्र में हुई एक सड़क हादसे में जालौन निवासी ललित (25) घायल हो गए। उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
इसी तरह थाना बीटा-दो क्षेत्र के एच्क्षर चौकी के पास एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल संजय (32) को उपचार के लिए जिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एक अन्य घटना में घायल वीरेंद्र कुमार मिश्रा की यथार्थ अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना बीटा- दो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।