21 Jul 2026
नई दिल्ली, 21 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली में छात्र आंदोलन और सोमवार को प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक प्रदर्शन किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस के अनेक सांसद आंदोलनकारी छात्रों के समर्थन में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च के लिए निकले। हालांकि दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बैरिकेडिंग लगाकर प्रधानमंत्री आवास से कुछ पहले ही जुलूस को बीच रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान कांग्रेस के कई सांसदों और नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जबकि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे मौके पर डटे हुए हैं।
इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल पहुंचकर सोमवार के प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने अस्पताल में भर्ती छात्रों का हालचाल जाना और गंभीर रूप से घायल उस छात्रा के परिजनों से भी मिले, जो फिलहाल वेंटिलेटर पर बताई जा रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है।
मार्च से पहले राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में सार्वजनिक माफी मांगने और कार्रवाई की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। बाद में प्रदर्शन के दौरान भी उन्होंने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस का यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है, जब संसद के मानसून सत्र में भी छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई का मुद्दा विपक्ष लगातार उठा रहा है। विपक्ष की मांग है कि इस पूरे घटनाक्रम पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।
उधर, केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने आरएमएल अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती घायल छात्रों तथा पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। सरकार का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए थे, जबकि विपक्ष इसे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बता रहा है।
फिलहाल प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं को रोकने के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। प्रदर्शन स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ बनी हुई है और राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मौके पर मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार और उसके अफसरों के पास छात्रों के इस मुद्दे पर बातचीत करने के लिए वक्त नहीं है। इसलिए हम सड़क से संसद तक इन छात्रों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेंगे।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री इस मामले में संसद के दोनों सदनों में आएं और सरकार की तरफ से आधिकारिक बयान दें।
यह खबर डेवलपिंग है। इसे आगे भी अपडेट किया जाएगा।