20 Jun 2026
नई दिल्ली, 20 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। शाहदरा रेलवे स्टेशन पर योगा एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान हुए मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। ट्रेन के कोच के दरवाजे पर खड़े होकर अन्य यात्रियों के चढ़ने का रास्ता रोकने को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि ट्रेन में सफर कर रहे कुछ यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो के एक सुरक्षा गार्ड की लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में रेलवे पुलिस ने आठ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा निवासी पंकज धामा (35) के रूप में हुई है। वह राजेंद्र धामा के पुत्र थे और खेकड़ा के औरंगाबाद इलाके में जैन इंटर कॉलेज के पीछे अपने परिवार के साथ रहते थे। पंकज दिल्ली मेट्रो के आईपी एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे। पुलिस के मुताबिक, पंकज शनिवार सुबह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद अकेले अपने गांव खेकड़ा लौट रहे थे। वह शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर योगा एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के बाद पंकज कोच के दरवाजे पर खड़े हो गए, जिससे अन्य यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में दिक्कत होने लगी। इसी बात को लेकर पंकज और ट्रेन में सफर कर रहे कुछ यात्रियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ यात्रियों ने पंकज के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। घटना के दौरान प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने तुरंत हस्तक्षेप कर पंकज को भीड़ से बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस, जीआरपी और अन्य जांच एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली। मामले में पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना (पीएस ओडीआरएस) में एफआईआर संख्या 3826 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान पता चला कि मारपीट में शामिल संदिग्ध योगा एक्सप्रेस से आगे की यात्रा कर रहे थे। इसके बाद जीआरपी ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए आठ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों को पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा है। फिलहाल उनकी पहचान और घटना में उनकी भूमिका की पुष्टि की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि मारपीट में सभी आठ लोग शामिल थे या कुछ ने बीच-बचाव करने की कोशिश की थी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की भी पुष्टि हो सकेगी।