20 Jun 2026
जोधपुर, 20 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। राजस्थान में पाली जिले के शिवपुरा थाना क्षेत्र में जोधपुर के कबड्डी खिलाड़ी मनोज विश्नोई की अपहरण के बाद हुई नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित सहित तीन जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई थी। पुलिस उप अधीक्षक रतनाराम देवासी ने बताया कि रावर की ढाणी निवासी 28 वर्षीय मनोज विश्नोई 11 जून की शाम अपने एक दोस्त के साथ एसयूवी में हुणगांव गया था। रास्ते में ओलवी गांव से एक अन्य साथी भी उनके साथ कार में सवार हो गया। रात करीब साढ़े नौ बजे वे लाणेरा गांव पहुंचे। इसी दौरान तीन वाहनों में सवार होकर आए श्यामलाल सारण, दिनेश सारण लांबा, सुनील, मेकसिंह उर्फ मेकाराम लांबा, सोमराज, हरभजन, सांवरलाल सोउ आमलियावास (खेड़ी) तथा उनके साथ 10 से 12 अन्य लोगों ने मनोज की कार का पीछा किया। आरोपिताें ने कार को आगे और पीछे से टक्कर मारी, जिससे वाहन खाई में जा गिरा। इसके बाद हमलावर मनोज का अपहरण कर उसे सुनसान स्थान पर ले गए। वहां धारदार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने उसके शरीर पर 30 से अधिक फ्रैक्चर किए और बाद में गंभीर हालत में उसे जोधपुर जिले के लांबा गांव चौराहे के पास छोडक़र फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि बदमाशों ने मनोज के हाथ-पैर, सिर-मुंह, रीढ़ की हड्डी से लेकर पूरे शरीर पर 30 जगह फैक्चर किए। हत्यारों के सिर इतना खून सवार था कि मनोज के शरीर में कीलें ठोकी गईं। हमलावरों ने शव को गांव में घुमाया। फिर लोगों को धमकाया कि किसी ने गवाही दी तो बुरा हश्र होगा। मामले में मृतक के ममेरे भाई बंशीलाल ने शिवपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों में बिलाड़ा के लांबा निवासी श्यामलाल विश्नोई, हरदेवराम विश्नोई और हुणगांव निवासी ओमप्रकाश विश्नोई शामिल हैं।