03 Aug 2026
अभिनेता-निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के तहत नया म्यूजिक लेबल 'एक्सेल म्यूजिक' लॉन्च किया है। इस लेबल को यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप का रणनीतिक साझेदार, विपणन और वितरण सहयोग मिलेगा। फरहान अख्तर ने कहा कि उनका उद्देश्य नए दौर के प्रतिभाशाली कलाकारों और रचनाकारों के साथ मिलकर संगीत की नई पहचान बनाना है।
रिपोर्ट के अनुसार, 'एक्सेल म्यूजिक' की पहली पेशकश 'मिर्जापुर: द मूवी' का साउंडट्रैक एल्बम होगी। 4 सितंबर 2026 को रिलीज होने वाली इस फिल्म के प्रमुख गीत को हरियाणवी गायक और रैपर धांडा न्योलीवाला ने गाया है। इस गीत के जरिए धांडा बॉलीवुड में अपने संगीत करियर की शुरुआत भी कर रहे हैं।
नए म्यूजिक लेबल के तहत केवल एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्मों के साउंडट्रैक ही नहीं, बल्कि अन्य फिल्म निर्माताओं और प्रोडक्शन हाउस के संगीत को भी मंच मिलेगा। कंपनी का लक्ष्य उभरते कलाकारों को अवसर देने के साथ-साथ भारतीय संगीत उद्योग में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करना है।