11 Jul 2026
रामपुर, 11 जुलाई (इंंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के रामपुर में शनिवार सुबह करीब पांच बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दिल्ली-एनसीआर से नैनीताल घूमने जा रहे सात दोस्त तेज रफ्तार इको कार में सवार थे। इसी दौरान स्वार-टांडा मार्ग पर उनकी कार सड़क किनारे खड़ी एक DCM में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और छत तक उखड़ गई।
हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के नाम कार्तिक, नीरज, गुलबुद्दीन उर्फ सोनू और अभिषेक अग्निहोत्री तथा घायलों के नाम विशाल अग्निहोत्री, कमल प्रजापति और जतिन राठौर बताये गए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
टक्कर इतनी जोरदार कि कार के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क किनारे DCM खड़ी थी। पीछे से आ रही इको कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे DCM के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
सामने आया हादसे का मार्मिक वीडियो
हादसे के बाद घटनास्थल का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कार के भीतर फंसा खून से लथपथ एक युवक लोगों से मदद की गुहार लगाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल भेजा।
दिल्ली से नैनीताल घूमने निकले थे दोस्त
पुलिस के अनुसार कार में कुल सात लोग सवार थे। सभी दिल्ली-एनसीआर के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उनकी उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। सभी जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और नैनीताल घूमने के लिए उत्तराखंड जा रहे थे।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।