27 Jul 2026
सुलतानपुर, 27 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के अयोध्या-प्रयागराज हाइवे पर कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के नकराही गांव के पास एक स्कूल बस ने बाइक सवार चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान गोसाईगंज थाना क्षेत्र के भोंएं गांव निवासी दिवस (12) पुत्र लालजी के रूप में हुई है। हादसे में घायल अर्जुन (22) पुत्र रतिपाल को राजकीय मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर से गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया है, जहां उसका इलाज जारी है।
ग्राम प्रधान योगेश कुमार ने बताया कि मृतक और घायल आपस में चचेरे भाई हैं। दोनों बर्फ खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी स्कूल बस ने उन्हें रौंद दिया। मृतक के परिवार को प्रशासन से मदद दिलाने की मांग की गई है। मृतक के पिता मछली पकड़ने का काम करते हैं।
देहात कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरी घटना के सामने आए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर आवारा पशु घूमते दिखे, जिनसे बचने के प्रयास में बाइक सवार बस से टकरा गए।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।