23 Jun 2026
नई दिल्ली, 23 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उच्चतम न्यायालय की जस्टिस बीवी नागरत्ना की अध्यक्षता वाली वेकेशन बेंच ने असम के प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग की मौत के आरोपित श्यामकानु महंत की जमानत याचिका पर असम सरकार को नोटिस जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई जुलाई के अंत में होगी। श्यामकानु महंत 2013 से नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल का आयोजन करते आ रहे हैं। महंत सिंगापुर में आयोजित नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के मुख्य आयोजक और इवेंट मैनेजर थे। सुनवाई के दौरान महंत की ओर से पेश वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ दवे ने कहा कि उन्हें जुबीन गर्ग की मौत के मामले में झूठे तरीके से फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि महंत करीब नौ महीने से हिरासत में हैं। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दवे से पूछा कि क्या महंत को रिहा करने पर उनके भागने की आशंका तो नहीं है। तब दवे ने कहा कि नहीं। दवे ने कहा कि महंत का पासपोर्ट पहले ही जमा किया जा चुका है। जुबीन गर्ग की मौत 19 सितंबर, 2025 को सिंगापुर में समुद्र में तैरने के दौरान रहस्यमयी परिस्थितियों हो गई थी। जुबीन गर्ग की मौत के बाद कई एफआईआर दर्ज की गई। एफआईआर में महंत समेत दूसरे लोगों को आरोपित बनाया गया है। महंत ने जमानत याचिका के अलावा उच्चतम न्यायालय में एक और याचिका दायर की है जिसमें उन्होंने जुबीन गर्ग की हत्या की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग की है। इसके अलावा कई एफआईआर को एक साथ करने की भी मांग की गई है। इसके पहले महंत ने गौहाटी उच्च न्यायालय में जमानत याचिका दायर की थी। गौहाटी उच्च न्यायालय ने महंत की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।