22 Jul 2026
यूक्रेन के ड्रोन हमलों से रूस के लॉजिस्टिक्स सेंटर और तेल डिपो प्रभावित
मॉस्को/कीव, 22 जुलाई (एजेंसी)। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी सेना ने यूक्रेन के ओडेसा क्षेत्र में स्थित सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए। दूसरी ओर यूक्रेनी ड्रोन हमलों में दक्षिणी रूस के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को नुकसान पहुंचा है।
रूसी टेलीविजन नेटवर्क रशिया टुडे ने रूसी अधिकारियों के हवाले से बताया कि यूक्रेनी ड्रोन ने रूस की प्रमुख ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के दक्षिणी रूस स्थित दो लॉजिस्टिक्स सेंटरों को निशाना बनाया। इन हमलों में कई कर्मचारी घायल हुए, जबकि अलग-अलग घटनाओं में एक तेल डिपो में आग लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई।
कंपनी की संस्थापक तात्याना किम ने पुष्टि की कि स्टावरोपोल क्षेत्र के क्रास्नोडार और नेविन्नोमिस्क स्थित लॉजिस्टिक्स परिसरों पर रात में हमला हुआ। हमले के बाद दोनों परिसरों को तुरंत खाली कराया गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
क्रास्नोडार के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव ने बताया कि गोदाम में कार्यरत 10 कर्मचारी घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। ड्रोन के मलबे से आसपास की दो अपार्टमेंट इमारतों और दो निजी मकानों को भी नुकसान पहुंचा, हालांकि वहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नेविन्नोमिस्क में भी ड्रोन हमले के बाद पांच लोगों को चिकित्सा सहायता देनी पड़ी। स्थानीय प्रशासन ने इलाके में आपातकाल घोषित कर दिया है और दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं। इसी दौरान अरमावीर शहर में 16 से अधिक ड्रोन हमलों के बाद एक तेल डिपो में करीब 800 वर्ग मीटर क्षेत्र में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई।