22 Jun 2026
नई दिल्ली, 22 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। शहरी जीवनशैली को पर्यावरण के अनुकूल बनाने और कचरा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने एक बड़ा कदम उठाया है। कॉपरनिक्स मार्ग स्थित रक्षा अधिकारियों की आवासीय सोसायटी 'सांगली अपार्टमेंट्स' को एनडीएमसी द्वारा “अनुपम कॉलोनी” के रूप में प्रमाणित किया गया है।
एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने आज सांगली अपार्टमेंट्स में आधिकारिक शिलापट्ट का अनावरण कर इसे यह विशेष सम्मान प्रदान किया। यह गौरव हासिल करने वाली यह नई दिल्ली की आठवीं और रक्षा सेवाओं की पहली आवासीय कॉलोनी है।
मीडिया को संबोधित करते हुए एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने सांगली अपार्टमेंट्स के निवासियों की ऊर्जा और सक्रियता की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि इस कॉलोनी में कचरा प्रबंधन के लिए बेहद वैज्ञानिक तरीका अपनाया जा रहा है। कॉलोनी में उत्पन्न होने वाले कचरे को शुरू में ही पांच श्रेणियों में बांटा जा रहा है। सूखे कचरे में से रिसाइकल होने वाली सामग्री जैसे कपड़े, खिलौने, गत्ता, प्लास्टिक और कांच को अलग किया जाता है, जिससे लैंडफिल तक पहुंचने वाला कचरा काफी कम हो जाता है। इसके अलावा सैनिटरी अपशिष्ट, विशेष देखभाल अपशिष्ट, गीला कचरा, बागवानी (उद्यानिकी) कचरा और ई-वेस्ट (E-Waste) को भी अलग-अलग किया जा रहा है।
एनडीएमसी अध्यक्ष ने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एमएसडब्ल्यू) नियम, 2026 के अनुरूप घरेलू खतरनाक कचरे के लिए 4 और अतिरिक्त कूड़ेदानों की व्यवस्था की गई है। 'अनुपम कॉलोनी' का प्रतिष्ठित प्रमाणन केवल उन्हीं आवासीय क्षेत्रों को दिया जाता है जो स्रोत स्तर पर शत प्रतिशत कचरे का पृथक्करण (Separation) करते हैं। स्थानीय स्तर पर ही कचरे का वैज्ञानिक ढंग से प्रसंस्करण (Processing) करते हैं। परिपत्र अर्थव्यवस्था (Circular Economy) और शून्य-अपशिष्ट (Zero-Waste) के लक्ष्य को पूरा करते हैं।
सांगली अपार्टमेंट्स के घरों से निकलने वाले गीले कचरे और उद्यानिकी (Gardening) के कचरे से स्थानीय स्तर पर ही खाद बनाई जा रही है। सूखे कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए विशेष सुविधा, सामानों के पुनः उपयोग (Reuse) और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए अनूठी पहल की गई है।
सांगली अपार्टमेंट्स के अध्यक्ष एयर कमोडोर उमेश पी. नगराले ने इस सम्मान के लिए एनडीएमसी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "यह हमारे लिए बेहद गर्व की बात है कि रक्षा अधिकारियों की आवासीय कॉलोनियों में हमारी कॉलोनी पहली बनी है जिसे यह दर्जा मिला है। हमारे निवासी हमेशा से स्वच्छता के उच्च मानकों का पालन करते आए हैं, और अब वैज्ञानिक पृथक्करण से इस अभियान को और मजबूती मिलेगी।"
एनडीएमसी अब तक नई दिल्ली के कुल आठ आवासीय क्षेत्रों को "अनुपम कॉलोनी" के रूप में प्रमाणित कर चुका है।
इस खास अवसर पर सांगली अपार्टमेंट्स के सचिव विंग कमांडर अमिताभ रंजन, एनडीएमसी की मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी (MOH) डॉ. शकुंतला श्रीवास्तव, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, स्वास्थ्य-स्वच्छता कर्मचारी और स्थानीय आरडब्ल्यूए (RWA) के प्रतिनिधि मौजूद रहे। एनडीएमसी ने दिल्ली को स्वच्छ, हरित और सतत बनाने के लिए अन्य आरडब्ल्यूए से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील की है।