29 Jul 2026
कुशीनगर, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के जिंदा छपरा गांव में बुधवार दोपहर एक युवक और युवती के शव गांव के बाहर लीची के पेड़ से लटकते मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में दोनों की पहचान नवविवाहित दंपती के रूप में हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतक की पहचान
जिंदा छपरा निवासी रितेश कुमार (22) और उसकी पत्नी पूजा शर्मा (21) के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने लगभग छह माह पूर्व कोर्ट मैरिज की थी और इसके बाद जिंदा छपरा गांव में साथ रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भी मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल की आवश्यक जांच की और साक्ष्य जुटाए।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।