23 Jun 2026
भुवनेश्वर, 23 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में हुए अमोनिया गैस रिसाव हादसे में ओड़िया श्रमिकों की मृत्यु पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत श्रमिकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस दुखद घटना पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। साथ ही मृतकाें के परिजनाें के लिए सहायता में वृद्धि की है। मुख्यमंत्री माझी ने पहले मृतक श्रमिकों के निकटतम परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता देने की घोषणा की थी, लेकिन मंगलवार को उन्होंने इस सहायता राशि को बढ़ाकर 10-10 लाख रुपये करने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी मृतकों के परिजनों को शीघ्र सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस रिसाव की घटना में कई श्रमिक प्रभावित हुए थे, जिनमें ओडिशा के कुछ श्रमिकों की भी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की पहल की है।