26 Jun 2026
खूंटी, 26 जून (एजेंसी)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) खूंटी के जिला सचिव तथा खूंटी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुशील पाहन का गुरुवार की देर रात निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सुशील भारत मुंडा समाज झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष भी थे। सुशील पाहन लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे। उन्होंने नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर खुद को पूरी तरह समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। वर्ष 2019 में उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर खूंटी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी, लेकिन गुरुवार की रात अचानक उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही सुबह से ही उनके कर्रा प्रखंड की डूमरगड़ी पंचायत के डुफू गांव ने झामुमो कार्यकर्ताओं और ग्रमीणों की भीड़ जुटने लगी परिजनों और समाज के लोगों की ओर से जानकारी दी गई है कि उनका अंतिम संस्कार (मिट्टी) 26 जून शुक्रवार को दोपहर 12 बजे डूमरगाड़ी पंचायत के डुफू गांव में किया जाएगा। सुशील पाहन के निधन पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा, तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा, झामुमो के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, झामुमो के जिला सह सचिव प्रदीप केशरी, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी, मोजिर अंसारी सहित कई कार्यकर्ताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि सुशील पाहन एक सरल, मिलनसार और संघर्षशील व्यक्तित्व के धनी थे। पार्टी और समाज के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि पार्टी और समाज के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।