23 Jul 2026
जयपुर, 23 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। अजमेर जिला पुलिस ने जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की झूठी धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपित को गुजरात के गिर सोमनाथ जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपित ने फर्जी ई-मेल आईडी के माध्यम से न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल पर बम धमाके की धमकी भेजी थी। फिलहाल आरोपित पुलिस रिमांड पर है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि 17 जुलाई को जिला एवं सत्र न्यायालय, अजमेर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय प्रशासन की ओर से सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जिसके बाद सिविल लाइंस थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। साइबर सेल ने फर्जी ई-मेल की तकनीकी जांच, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण तथा आसूचना संकलन के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए फलदू हार्दिक (40) निवासी सोमनाथ जिला गिर सोमनाथ गुजरात को गिरफ्तार किया।