13 Jul 2026
नई दिल्ली, 13 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली सरकार ने राजधानी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल (IGH) में वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित विशेष जेरिएट्रिक ओपीडी (सीनियर सिटिज़न्स ओपीडी) का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सांसद कमलजीत सहरावत, अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. नवनीत कुमार गोयल, वरिष्ठ चिकित्सक और फैकल्टी सदस्य भी मौजूद रहे। नई सुविधा विशेष रूप से 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए शुरू की गई है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस विशेष ओपीडी में वरिष्ठ नागरिकों को आसान पंजीकरण, अलग ओपीडी सेवा, जांच सुविधाओं में प्राथमिकता तथा विभिन्न विशेषज्ञ विभागों में त्वरित चिकित्सा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा एक्स-रे, इंजेक्शन रूम और फिजियोथेरेपी जैसी सेवाओं में भी प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि बुजुर्गों को लंबी प्रतीक्षा का सामना न करना पड़े।
उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने हाइड्रोथेरेपी यूनिट, इमरजेंसी विभाग, जनरल मेडिसिन समेत कई महत्वपूर्ण इकाइयों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों की जानकारी ली।
डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसा स्वास्थ्य तंत्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को समय पर, सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों ने अपना पूरा जीवन परिवार और समाज के निर्माण में लगाया है, इसलिए उनके लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और पूरे स्टाफ की इस पहल के लिए सराहना भी की।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत के दौरान कई लोगों ने अलग ओपीडी, प्राथमिकता के आधार पर इलाज और बेहतर देखभाल की व्यवस्था की प्रशंसा की।
उन्होंने अस्पताल में नियमित रूप से आयोजित होने वाले स्वैच्छिक रक्तदान अभियान की भी सराहना करते हुए कहा कि हर महीने बड़ी संख्या में एकत्र होने वाली रक्त इकाइयों से इमरजेंसी और गंभीर मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
डॉ. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत करने और मरीज-केंद्रित सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों तथा समाज के कमजोर और संवेदनशील वर्गों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।