20 Jul 2026
कानपुर देहात, 20 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद में कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। डेरापुर थाना क्षेत्र के मुंगीसापुर के पास तेज रफ्तार फॉक्सवैगन कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद वाहन में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार दोनों लोग बाहर नहीं निकल सके और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी डेरापुर, डेरापुर थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कार की तलाशी लेने पर अंदर से दो झुलसे हुए शव बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान ओम शुक्ला पुत्र राजू शुक्ला, निवासी बर्रा, कानपुर नगर तथा गुरुप्रीत सिंह 'ठिल्लो' पुत्र अजीत सिंह ठिल्लो, निवासी मेहरबान सिंह का पुरवा, कानपुर के रूप में हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्षेत्राधिकारी डेरापुर धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने का प्रतीत हो रहा है। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिससे दोनों लोग बाहर नहीं निकल सके।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने वाहन हटवाकर सामान्य करा दिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें, ताकि इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।