21 Jun 2026
धारूहेड़ा, 21 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज धारूहेड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना था, बल्कि युवाओं में अनुशासन, सकारात्मकता और नशे से दूर रहने की भावना का संचार करना भी था।
कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामपाल यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने योग को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि, "स्वस्थ शरीर और शांत मन ही सशक्त राष्ट्र की नींव है। युवा शक्ति यदि योग और अनुशासन को अपने दैनिक जीवन में अपना ले, तो हम एक नशामुक्त और आदर्श हरियाणा का निर्माण करने में सफल होंगे।"
शिविर में योग की बारीकियों को सिखाने के लिए योग शिक्षक विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित जनसमूह और युवाओं को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग न केवल बीमारियों को दूर रखता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और कार्यक्षमता में भी अद्भुत वृद्धि करता है।
इस शिविर में ग्रामीण युवा पीढ़ी स्थानीय कस्बा निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने प्रतिदिन योग करने और समाज को स्वस्थ व नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।