15 Jul 2026
पानीपत, 15 जुलाई (इंंद्रप्रस्थ न्यूज)। पानीपत जिले में किसान मजदूर यूनियन मालपुर के सदस्यों ने डाहर टोल प्लाजा पर इकट्ठा होकर भारत-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध किया। किसानों ने पानीपत के जिला उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें केंद्र सरकार से इस व्यापार समझौते को रद्द करने की मांग की गई।
इस अवसर पर किसान मजदूर यूनियन मालपुर के अध्यक्ष सोनू मालपुरिया ने कहा कि भारत सरकार अमेरिका के साथ जिस व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने वाली है, वह छोटे किसानों, व्यापारियों, पशुपालन और पोल्ट्री उद्योगों सहित अन्य छोटे कामगारों को खत्म कर देगा।
मालपुरिया ने कहा कि जिस तरह जियो कंपनी ने शुरुआत में मुफ्त सेवाएं देकर अन्य कंपनियों को बाजार से बाहर कर दिया और बाद में कीमतें बढ़ा दीं, उसी तरह यह ट्रेड डील भी देश के छोटे किसानों, मजदूरों, पोल्ट्री और पशुपालन उद्योगों को खत्म कर देगी।
उन्होंने आशंका जताई की इसके बाद अमेरिकी उत्पाद भारतीय बाजार में महंगे दामों पर बेचे जाएंगे, और अपने देश का पैसा विदेशों में जाएगा जिससे देश की अर्थव्यवस्था पर सीधा असर पड़ेगा साथ ही आम गरीब और मध्यम वर्ग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। यूनियन ने सरकार से इस डील को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है। और चेतावनी दी कि अगर सरकार ने ऐसा नहीं किया तो किसान सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएगा।