20 Jun 2026
चतरा, 20 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। झारखंड के सिमरिया थाना क्षेत्र के टूटीलावा से छह ग्रामीणों के अपहरण के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जबकि मामले में तीन नाबालिग काे निरुद्ध किया हैं। अपहृत सभी ग्रामीणों को सकुशल बरामद कर लिया गया है। समाहरणालय परिसर में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने बताया कि 18 जून को अपराधियों ने खुद को एमसीसी का सदस्य बताकर ग्रामीणों का अपहरण किया और परिजनों से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर रमेश गंझू, सतीश कुमार गंझू को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक आरोपित की तलाश जारी है। इसके अलावा तीनों नाबालिगों को निरूद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अपराधियों ने दहशत फैलाने और अवैध वसूली के लिए एमसीसी का नाम इस्तेमाल किया था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।