20 Jun 2026
नई दिल्ली, 20 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा रविवार, 21 जून को आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और राज्य प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पेपर लीक विवाद के बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर कड़ी कर दी गई है, जबकि केंद्र और राज्य सरकारें लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं।
पुनर्परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-पेपर मोड में होगी। एनटीए पहले ही एडमिट कार्ड जारी कर चुका है और अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बीच परीक्षा से पहले सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर कई अहम कदम उठाए गए हैं। केंद्र सरकार ने किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह या परीक्षा प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। कई राज्यों में पुलिस, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की गई हैं तथा परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
सरकार 21 जून को होने वाली NEET UG की दोबारा परीक्षा को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो, यह सुनिश्चित करने के लिए पूरे देश में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दोबारा परीक्षा से पहले देशभर में मॉक ड्रिल और कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसी कड़ी में कई स्थानों पर वायुसेना के विशेष हेलीकॉप्टर के माध्यम से प्रश्न पत्र पहुंचाए गए।
परीक्षा से ठीक एक दिन पहले नागपुर के एक अभ्यर्थी को कथित तौर पर अबू धाबी परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाने का मामला भी चर्चा में रहा। हालांकि एनटीए ने इसे तकनीकी गड़बड़ी मानने से इनकार करते हुए कहा कि अभ्यर्थी ने स्वयं केंद्र विकल्प में बदलाव किया था और रिकॉर्ड इसकी पुष्टि करते हैं।
पेपर लीक और फर्जी दावों को लेकर भी एजेंसी सतर्क है। एनटीए ने सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित प्रश्नपत्र लीक संबंधी दावों को भ्रामक बताते हुए अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी है। इसके लिए सत्यापित व्हाट्सएप सूचना सेवा भी शुरू की गई है।
उधर, परीक्षा को कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में कराने की मांग संबंधी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट तत्काल हस्तक्षेप से इनकार कर चुका है, जिससे 21 जून को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ऑफलाइन परीक्षा कराने का रास्ता साफ हो गया है।
नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा करीब 22 लाख अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ी है। ऐसे में पूरे देश की नजरें रविवार को होने वाली परीक्षा और उसके निष्पक्ष संचालन पर टिकी हुई हैं।
प्रमुख बातेंः