18 Jul 2026
सूरत, 18 जुलाई (एजेंसी)। सूरत जिले की मंडवी तहसील के एक गांव के लोगों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। अपने नाम की वजह से लंबे समय से असहज स्थिति का सामना कर रहे 'चुड़ैल' गांव का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर 'चंदनपुर' कर दिया गया है। गुजरात सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
सभी संबंधित सरकारी विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने सभी सरकारी रिकॉर्ड, दस्तावेजों और अभिलेखों में गांव का नया नाम दर्ज करें।
सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार गांव का नया नाम तीनों लिपियों में दर्ज किया जाएगा। गुजराती में ચંદનપુર, देवनागरी (हिंदी) में चंदनपुर तथा रोमन (अंग्रेजी) में CHANDANPUR लिखा जाएगा।
गांव के सरपंच के अनुसार गांव का नाम बदलने के लिए ग्रामीण वर्ष 2018 से लगातार प्रयास कर रहे थे। ग्राम पंचायत ने तालुका पंचायत, जिला पंचायत और कलेक्टर कार्यालय सहित विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर कई बार लिखित आवेदन दिए थे। करीब 8 वर्षों की लंबी प्रशासनिक प्रक्रिया और ग्रामीणों के निरंतर प्रयासों के बाद आखिरकार यह मांग पूरी हुई।
करीब 1,200 की आबादी वाले इस गांव के लोगों को अपने गांव का पुराना नाम पसंद नहीं था। दूसरे शहरों और क्षेत्रों में अपने गांव का नाम बताते समय उन्हें अक्सर संकोच का सामना करना पड़ता था। अब गांव का नाम 'चंदनपुर' होने से ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है।