05 Aug 2026
नोएडा, 05 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नोएडा के थाना बीटा- दो पुलिस ने दिल्ली के रहने वाले एक ज्वेलर के मुनीम और कर्मचारी से हथियार के बल पर करीब डेढ करोड रुपए के सोने के जेवरात और कच्ची चांदी लूटने वाले पांच बदमाशों को बुधवार दोपहर को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने लूटी हुई चांदी, सोने के जेवरात, घटना में प्रयुक्त कार, देशी तमंचा और कारतूस आदि बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) रवि शंकर निम ने बताया कि 2 अगस्त को दिल्ली के रहने वाले एक ज्वेलर के मुनीम राम प्रकाश शर्मा ने थाना बीटा- दो में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह कार में सवार होकर अपने एक साथी संग कच्ची चांदी और सोने के जेवरात लेकर दिल्ली से आगरा जा रहे थे। तभी परी चौक के पास कार सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार को ओवर टेक करके रोका, तथा कहा कि तुमने हमारी कार में टक्कर मारी है। आरोपिताें ने पीड़ित और उनके चालक को अपनी कार में बैठा लिया तथा उनकी कार लेकर बदमाशों का एक साथी उनके पीछे-पीछे चलने लगा। उन्होंने आरोपिताें से पूछा कि आपकी कार में कितने का नुकसान हुआ है, तो बदमाशो ने कहा कि ढाई हजार रुपए का। उन्होंने अपने पास रखे 8 हजार रुपए में से ढाई हजार रुपए निकाल कर उन्हें देना चाहा तो उन्होंने 8 हजार रुपए छीन लिया। बदमाशों ने मुनीम की कार जिसे उनका एक साथी चला कर पीछे आ रहा था, उसमे रखा हुआ सोने- चांदी से भरा हुआ थैला ले लिया तथा पीड़ित और उसके साथी को उनकी कार वापस दे दिया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपित घटना को अंजाम देकर जुनेदपुर गांव के जंगल में पहुंचे। वहां पहले से इनका इंतजार कर रहे इनके अन्य साथियों के साथ मिले। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि कमलकांत इस गिरोह का सरगना है। उसने दिल्ली के ज्वेलर की दुकान की कई दिनों तक रेकी की। उसके बाद उसने अपने साथियों को घटना वाले दिन सूचना दी कि रविवार की रात को टोयोटा इटीयोस गाड़ी में ज्वेलरी रखकर कुछ लोग दिल्ली से आगरा जाएंगे। इसके बाद बदमाशों ने योजना बनाई तथा दो कार जिसमें बलेनो कार में तीन बदमाश और स्विफ्ट कार में कमलकांत और उसका साथी पीड़ित की कार का दिल्ली से पीछा करने लगे। ग्रेटर नोएडा के जुनैदपुर गांव के पास जाकर कमलकांत अपने साथी संग खेत में रुक गया और उसके तीन साथी मुनीम के साथ हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में पांचों आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। इनके नाम अंकुर पुत्र जयवीर, अमित पुत्र जयवीर, सोहित बंसल पुत्र बृजपाल बंसल, हिमांशु पुत्र बृजेश और कमलाकांत पुत्र बजरंग लाल है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने लूटे हुए सोने के 5 हार, दो सोने के मंगलसूत्र, 29 सोने के पेंडल, 56 सोने की जनानी अंगूठी, 34 सोने की पुरुष की अंगूठी, 18 सोने के लॉकेट, 42 कान के झुमके तथा 12.138 किलोग्राम चांदी और घटना में प्रयुक्त बलेनो कार तथा देशी तमंचा बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इस घटना के खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस आयुक्त ने नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।