06 Aug 2026
औरैया, 06 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में चंबल, यमुना, सिंध, क्वारी और पहुंज नदियों का संगम होने के कारण हर वर्ष बाढ़ का खतरा बना रहता है। इन नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए अजीतमल तहसील के तटीय (खादर) क्षेत्रों में संभावित बाढ़ की आशंका के मद्देनजर औरैया पुलिस ने जनसुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पुलिस ने मीडिया सेल के अनुसार, जलस्तर बढ़ने पर लोग बिना देरी किए सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों या राहत शिविरों में पहुंच जाएं। टॉर्च, सूखा राशन, आवश्यक दवाइयां और जरूरी दस्तावेज पहले से सुरक्षित बैग में तैयार रखें। यदि घर में पानी प्रवेश करने लगे तो सबसे पहले बिजली का मेन स्विच बंद कर दें तथा मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं।
एडवाइजरी में लोगों को चेतावनी दी गई है कि तेज बहाव वाली नदी, जलमग्न पुलिया या डूबे हुए रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सेल्फी लेने या सोशल मीडिया के लिए रील बनाने जैसी गतिविधियों से बचें। पानी में डूबे बिजली के तारों, खंभों और ट्रांसफार्मरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही बाढ़ से संबंधित किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और न ही उसे फैलाएं।
आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए औरैया पुलिस ने 24 घंटे संचालित जनपदीय बाढ़ बचाव हेल्पलाइन 9454417385 एवं 7820010369 जारी किए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में तत्काल इन नंबरों पर संपर्क करें और प्रशासन का सहयोग करें।