07 Aug 2026
- प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दिया लिखित आश्वासन, न्यायालय के आदेशों के पालन और खेल गतिविधियों में बाधा न डालने का किया वादा
प्रयागराज, 07 अगस्त (एजेंसी)। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के लिखित आश्वासन के बाद गुरुवार देर रात राहुल गांधी के आठ अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम को करने लिए केपी ट्रस्ट ने अनुमति दे दिया। यह जानकारी एक वीडियो जारी करते हुए कांग्रेस पार्टी के नेता हसीब अहमद और अजय राय ने दी।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने 8 अगस्त को केपी ग्राउंड में प्रस्तावित "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम को लेकर पहले जारी किया गया निरस्तीकरण पत्र वापस ले लिया है। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में कायस्थ पाठशाला प्रबंधन को लिखित आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम पूरी तरह निर्धारित शर्तों के अनुरूप आयोजित किया जाएगा।
अजय राय द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर का किसी भी रूप में उपयोग नहीं किया जाएगा तथा इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेशों का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान यदि खेल मैदान को किसी प्रकार का नुकसान होता है तो कांग्रेस उसकी मरम्मत कराएगी।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह कार्यक्रम किसी भी प्रकार का व्यावसायिक आयोजन नहीं है और इससे 14 अगस्त 2025 को इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा जनहित याचिका संख्या-542/2025 में दिए गए आदेशों का किसी भी प्रकार का उल्लंघन नहीं होगा।
अजय राय ने अपने पत्र में कहा कि इन आश्वासनों के बाद उन्हें मैदान उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने पूर्व में संस्था को भेजा गया निरस्तीकरण संबंधी पत्र वापस लेने और संस्था के विरुद्ध उठाई गई आपत्तियों को भी वापस लेने की जानकारी दी।
वहीं, कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने कांग्रेस के लिखित आश्वासन के आधार पर अजय राय का निरस्तीकरण पत्र वापस लेते हुए कहा कि संस्था द्वारा दी गई अनुमति की शर्तों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जा सकती है। इससे 08 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है।