08 Aug 2026
लखनऊ, 08 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बचकानी राजनीति के प्रतीक बन चुके राहुल गांधी अपनी कथित ‘मोहब्बत की दुकान’ से ‘नफरत फैलाने’ की राजनीति लेकर आज प्रयागराज आ रहे हैं। मौक़ा मिले तो स्थल ही नहीं, बल्कि आनंद भवन और उसके आसपास भी घूम लीजिए। आपको खुद एहसास होगा कि आपके परिवार ने अपना घर होने के बावजूद प्रयागराज को सालों तक ‘उपेक्षित’ छोड़ रखा था।
उपमुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि प्रयागराज आज भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।यहां अब केवल छात्रों की आवाज़ ही नहीं, बल्कि विकास की गूंज भी सुनाई देती है। आपकी आस्था-अनास्था पर सवाल करना ठीक नहीं है लेकिन अगर समय मिले तो पवित्र संगम और पुण्य धाम श्रृंगवेरपुर के भी दर्शन जरूर कीजिएगा। हो सकता है कि तब आप भी डबल इंजन सरकार के ‘विरासत के साथ विकास’ के संकल्प और उसके परिणामों को बेहिचक स्वीकार कर लें।