08 Aug 2026
अररिया, 08 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को शनिवार की सुबह घूस की 50 हजार रूपये रकम लेते गिरफ्तार किए गए।पटना से आये निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शिवपुरी स्थित आवास से घूस का पचास हजार रूपये रकम लेते गिरफ्तार किया।गिरफ्तार किए गए उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल 26 जून को ही दुबारा अररिया में तबादला होकर आया था।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना के डीएसपी सतीश चंद्र माधव के नेतृत्व में आई निगरानी की टीम ने शिवपुरी स्थित आवास पर एक मशीन सप्लायर से पांच फीसदी कमीशन के तौर पर पचास हजार रूपये घूस की मांग की गई थी,जिसे देने के लिए मशीन सप्लायर उनके आवास पर पहुंचा था।जैसे ही उन्होंने घूस की रकम पकड़ी और बगल के अलमारी में रखा,निगरानी विभाग की ओर से गठित धावा दल ने तुरंत छापेमारी कर रुपैया बरामद करते हुए उन्हें हिरासत में लेते हुए गिरफ्तार किया।
निगरानी निवेशन ब्यूरो के डीएसपी सतीश चंद्र माधव ने बताया कि अररिया के बनगामा के कमरे आलम नामक मशीन सप्लायर ने करीबन 17 लाख रूपये का मशीन का सप्लाई किया था।मशीन सप्लाई के एवज में महाप्रबंधक के द्वारा उनसे पांच फीसदी कमीशन के तौर पर 85 हजार रूपये की राशि घूस के रूप में मांग की गई।कमरे आलम घूस की रकम देना नहीं चाह रहे थे,जिसको लेकर उन्होंने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो कार्यालय में की थी।
शिकायत के आवेदन मिलने के बाद निगरानी टीम ने आरोप का सत्यापन कराया और मामले को सही पाया।जिसके बाद निगरानी थाना में कांड संख्या 95/26 दिनांक 07.08.2026 भ्रष्टाचार उन्मूलन अधिनियम की धारा 7(ए)7(बी) के तहत दर्ज किया गया और इसको लेकर एक धावा दल का गठन किया गया।इसी क्रम में शिवपुरी स्थित किराए के मकान में रह रहे उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को घूस की रकम पचास हजार देने के लिए निगरानी विभाग के निर्देश पर मशीन सप्लायर कमरे आलम देने के लिए पहुंचा।
घूस की रकम लेने के बाद उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल उसे बगल में लगे अलमीरा में रख ही रहा था कि निगरानी की टीम ने तुरंत ही घर में प्रवेश करते हुए घूस की रकम 50 हजार बरामद करते हुए उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार उद्योग विभाग के महाप्रबंधक को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम अपने साथ पटना लेकर गई है।
अनिल कुमार मंडल 2018 से 2022 तक अररिया में ही उद्योग विभाग के महाप्रबंधक के पद पर तैनात रहे हैं। डेढ़ महीना पहले तबादला के बाद दूसरी बार अररिया में उन्होंने उद्योग विभाग के महाप्रबंधक के रूप में 26 जून को ज्वाइन किया था।