08 Aug 2026
उत्तर दिनाजपुर, 08 अगस्त (एजेंसी)। जिले के इस्लामपुर में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। स्कूल जा रहे एक प्रधान शिक्षक पर अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज जारी है। घायल शिक्षक का नाम नजरुल इस्लाम है, जो रामगंज के राजाभिम प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक हैं।
सूत्रों के अनुसार, रोज़ की तरह शनिवार सुबह भी नजरुल इस्लाम अपने घर से स्कूल के लिए निकले थे। जब वे इस्लामपुर के मादारीपुर इलाके से गुजर रहे थे पहले से घात लगाए बैठे कुछ बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने बिना किसी चेतावनी के बहुत नज़दीक से उन पर गोलियां चला दी। गोली लगते ही नजरुल इस्लाम सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल शिक्षक को बचाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही इस्लामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को पहले इस्लामपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया। लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल वहीं उनका इलाज चल रहा है।
इस हमले के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह घटना किसी पुरानी दुश्मनी तो नहीं है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।