08 Aug 2026
लखनऊ, 08 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा गिरगिट की तरह रंग बदलती है, जबकि बसपा सर्वसमाज हितैषी अम्बेडकरवादी पार्टी है।
बसपा प्रमुख मायावती ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि, सर्वविदित है कि बसपा 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय' की नीति व सिद्धान्त पर अमल करने वाली सर्वसमाज हितैषी अम्बेडकरवादी पार्टी है। इसी आधार पर बसपा ने यूपी में अपनी सरकार चलायी है, जबकि सपा अपनी संकीर्ण जातिवादी राजनीति व चुनावी स्वार्थ आदि की ख़ातिर जगज़ाहिर तौर पर गिरगिट की तरह रंग बदलती रहती है।
बसपा प्रमुख ने कहा कि सपा के प्रचारित इनका कथित 'पीडीए' अर्थात (पिछड़ा, दलित, अक्लियत) में पहले 'पी' से 'पिछड़े' प्रचारित करने के बाद अब, अपर कास्ट समाज में ख़ासकर ब्राह्मण समाज को बसपा से तेज़ी से जुड़ता हुआ देख व उसी के आधार पर पार्टी उम्मीदवार भी बनाये जाने से विचलित होकर सपा ने अब 'पी' से पण्डित कर दिया है, जो इनके राजनीतिक छल व छलावे का एक और प्रमाण है।
ऐसे राजनीतिक छल व छलावे कि राजनीति से किसी व्यक्ति विशेष का कुछ समय के लिए वक़्ती तौर पर थोड़ा भला तो हो सकता है किन्तु इससे उस सम्पूर्ण समाज का भला कभी नहीं हो सकता है। इसलिए सर्वसमाज के लोगों को ऐसी छलावापूर्ण सपा व उसकी ऐसी संकीर्ण जातिवादी राजनीति से जरूर सावधान रहना चाहिये, यह समय की माँग व सर्वसमाज के हित में भी है।-----------------