08 Aug 2026
औरैया, 08 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, झांसी के उन्नाव गेट चौकी अंतर्गत निवासी पांच लोग कार संख्या यूपी 75 एए 0023 (स्विफ्ट डिजायर) से बरेली में आयोजित उर्स में शामिल होने जा रहे थे। अछल्दा थाना क्षेत्र के ईटैली चौकी अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 277.9 पर उनकी कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूर्णतरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस, यूपीडा अधिकारी, कुदरकोट थाना प्रभारी अमर बहादुर तथा ईटैली चौकी प्रभारी विपिन पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मोहम्मद जमाल (50) पुत्र मोहम्मद इकबाल और शकीला बानो (62) पत्नी शहजाद अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहम्मद फिरोज (45) की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है। रेहाना बानो (45) और ताहिरा बानो (8) को मामूली चोटें आई हैं।
सैफई अस्पताल पहुंचे यूपीडा के सीएसओ विजय सिंह ने घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।